अवैध खनन पर धामी का बड़ा एक्शन, इकबालपुर चौकी का पूरा स्टाफ निलंबित
अवैध खनन को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami के निर्देश पर हरिद्वार जिले की इकबालपुर पुलिस चौकी में तैनात पूरे स्टाफ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। अवैध खनन से जुड़ा एक ऑडियो सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।

हरिद्वार: अवैध खनन को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami के निर्देश पर हरिद्वार जिले की इकबालपुर पुलिस चौकी में तैनात पूरे स्टाफ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। अवैध खनन से जुड़ा एक ऑडियो सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।
राज्य में कानून व्यवस्था को लेकर सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत यह कड़ी कार्रवाई की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इकबालपुर क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े मामले में पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने चौकी प्रभारी सहित पूरी चौकी के छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी विस्तृत जांच एसपी देहात को सौंपी गई है।
निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक नवीन सिंह चौहान (चौकी प्रभारी, इकबालपुर), हेड कांस्टेबल विरेन्द्र शर्मा, हेड कांस्टेबल हरेन्द्र, कांस्टेबल विपिन कुमार, कांस्टेबल देवेश सिंह तथा कांस्टेबल प्रदीप शामिल हैं।
मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने स्पष्ट कहा है कि राज्य में अवैध खनन, भ्रष्टाचार या किसी भी प्रकार की अनियमितता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी जिन अधिकारियों पर है, यदि वही अपने कर्तव्यों में लापरवाही या अनुचित गतिविधियों में संलिप्त पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच सुनिश्चित की जाए तथा दोषी पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।



