Ankita Murder Case: हरिद्वार में गिरफ्तारी, देहरादून में एक और मुकदमा, उर्मिला सनावर की बढ़ी मुश्किलें, कोर्ट में पेशी के लिए जारी होगा नोटिस

देहरादून: अभिनेत्री उर्मिला सनावर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। सोमवार को अदालत में पेश होने से पहले ही हरिद्वार पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। अब अदालत की ओर से उन्हें पेशी के लिए नोटिस जारी किए जाने की बात सामने आ रही है। वहीं, देहरादून की डालनवाला कोतवाली पुलिस ने भी उर्मिला सनावर के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया है। मोती बाजार निवासी सागर की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
शिकायत के अनुसार, उर्मिला सनावर पर अदालत में पेशी के दौरान सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत कुमार गौतम, बीएल संतोष और आरती गौड़ के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप है। शिकायतकर्ता ने इस संबंध में पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत के आधार पर डालनवाला कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अंकिता भंडारी प्रकरण से भी जुड़ा है नाम
उर्मिला सनावर का नाम अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े घटनाक्रम को लेकर भी चर्चा में है। हाल ही में इस प्रकरण में नार्को टेस्ट को लेकर पूर्व विधायक सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर को अदालत की ओर से नोटिस भेजे जाने का मामला सामने आया था। अदालत में पेश होकर सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर ने नार्को टेस्ट के लिए सहमति जताई थी।
पेशी से पहले हरिद्वार पुलिस ने किया गिरफ्तार
सोमवार को उर्मिला सनावर को अदालत में पेश होना था, लेकिन इससे पहले ही हरिद्वार पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। ऐसे में अब अदालत में उनकी पेशी को लेकर नोटिस जारी किए जाने की बात सामने आ रही है। उधर, डालनवाला कोतवाली में दर्ज नए मुकदमे की पुलिस जांच कर रही है।



