
देहरादून : प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े 13 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निर्णय लिए गए। इसमें पेराई सत्र 2026-27 के लिए सहकारी एवं सार्वजनिक क्षेत्र की चीनी मिलों को बैंकों से ऋण लेने के लिए 207.75 करोड़ रुपये की शासकीय प्रत्याभूति देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इससे गन्ना किसानों को समय पर गन्ना मूल्य भुगतान सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। वहीं, राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले छात्रों के लिए अनिवार्य राजकीय सेवा संबंधी बॉण्ड को भी अनुमन्य करने पर सहमति दी गई है। इसके तहत पीजी पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद संबंधित चिकित्सकों को दुर्गम एवं पर्वतीय क्षेत्रों के चिकित्सालयों में दो वर्ष की अनिवार्य सेवा देनी होगी।
कैबिनेट ने सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 के तहत उत्तराखण्ड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली, 2026 प्रख्यापित करने का निर्णय लिया। इसके लागू होने से संगठित एवं असंगठित क्षेत्र के कर्मकारों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिलेगा। असंगठित कर्मकारों और भवन संनिर्माण कर्मकारों के कल्याण के लिए अलग-अलग बोर्ड गठित करने का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा कोष के गठन का भी प्रावधान है।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत एक्स-रे टेक्नीशियन सेवा की भर्ती एवं नियुक्त कार्मिकों की सेवा शर्तों को विनियमित करने के लिए उत्तराखण्ड एक्स-रे प्राविधिज्ञ सेवा (संशोधन) नियमावली, 2026 को मंजूरी दी गई।
कैबिनेट ने उत्तराखण्ड ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रख-रखाव की नीति, 2026 को भी मंजूरी दी। इसके तहत पूर्व में प्रचलित नीति, 2024 को अधिक्रमित किया जाएगा। वहीं, राज्य के पांच जनपदों में ऑटोमेटेड, मैकेनाइज्ड एवं टनल पार्किंग से संबंधित आवंटित निर्माण कार्यों में रुचि नहीं दिखाने और लंबे समय तक निर्माण शुरू नहीं करने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) को कार्यदायी संस्थाओं के सूचीबद्ध पैनल से हटाने का निर्णय लिया गया।
आबकारी विभाग में राजस्व संग्रहण बढ़ाने और अवैध मदिरा की रोकथाम के उद्देश्य से दो परिक्षेत्रों को सात परिक्षेत्रों में पुनर्गठित किया जाएगा। इसके तहत उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह नए पद सृजित किए गए हैं। इस प्रकार कुल 11 नए पदों के सृजन को मंजूरी दी गई।
सफाई कर्मचारी आयोग के अंतर्गत उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजित करने का निर्णय भी लिया गया। इसके अलावा नियोजन विभाग के अंतर्गत सेतु आयोग की सूचना प्रौद्योगिकी सेवा नियमावली, 2026 के प्रख्यापन को अनुमोदन दिया गया। उत्तराखण्ड लेखा परीक्षा राजपत्रित सेवा (संशोधन) नियमावली, 2026 को भी मंजूरी दी गई। इसमें अधिमानी अर्हता के अंग्रेजी एवं हिंदी संस्करण में अंतर को दूर करने के लिए ‘प्रादेशिक सेवा’ के स्थान पर ‘प्रादेशिक सेना’ शब्द किए जाने का प्रस्ताव है।
कैबिनेट ने उत्तराखण्ड की पंचम विधानसभा के वर्ष 2026 के तृतीय सत्र का तत्काल प्रभाव से सत्रावसान किए जाने की संस्तुति भी की। वहीं, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मासिक मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है।
अन्य प्रमुख निर्णय एक नजर में
सफाई कर्मचारी आयोग: उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजित होगा।
सामाजिक सुरक्षा: उत्तराखण्ड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली, 2026 को मंजूरी।
फार्मासिस्ट भर्ती: डी.फार्मा के साथ बी.फार्मा भी शैक्षिक योग्यता में शामिल।
चीनी मिलें: बाजपुर, नादेही, किच्छा और डोईवाला मिलों को 207.75 करोड़ रुपये की सरकारी गारंटी।
एक्स-रे टेक्नीशियन: सेवा (संशोधन) नियमावली, 2026 को मंजूरी।
पीजी डॉक्टर: दुर्गम एवं पर्वतीय क्षेत्रों में दो साल की अनिवार्य राजकीय सेवा के लिए बॉण्ड अनुमन्य।
ग्रामीण पेयजल: संचालन एवं रख-रखाव नीति, 2026 को मंजूरी।
एनएचआईडीसीएल: कार्यदायी संस्थाओं के सूचीबद्ध पैनल से हटाने का निर्णय।
विधानसभा: तृतीय सत्र का सत्रावसान करने की संस्तुति।
सेतु आयोग: सूचना प्रौद्योगिकी सेवा नियमावली, 2026 को मंजूरी।
लेखा परीक्षा: राजपत्रित सेवा (संशोधन) नियमावली, 2026 को अनुमोदन।
आबकारी विभाग: 11 नए पदों का सृजन।
आंगनबाड़ी: कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के मानदेय वृद्धि पर निर्णय के लिए मुख्यमंत्री अधिकृत।



