
देहरादून: बदरीनाथ धाम से तीर्थयात्रियों को लेकर लौट रहा एक हेलीकाप्टर शुक्रवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा बदरीनाथ और ज्योतिर्मठ के बीच हुआ। हेलीकाप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे। प्रारंभिक सूचना के अनुसार, दुर्घटना में चार लोगों की मौत होने की सूचना है।
बताया जा रहा है कि उड़ान के दौरान हेलीकाप्टर दुर्घटनाग्रस्त होकर एक चट्टान पर जा गिरा। इसके बाद उसमें आग लग गई। हादसे की सूचना मिलते ही राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहा है। हादसे में मृतकों और घायलों की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।



