टांडा रेंज में जंगली हाथी का कहर: दो लोगों को कुचलकर मार डाला, इलाके में दहशत
लालकुआं के टांडा रेंज में जंगली हाथी का आतंक देखने को मिला, जहां एक दर्दनाक घटना में दो लोगों की जान चली गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग भय के साये में जीने को मजबूर हैं।

लालकुआं: तराई केंद्रीय वन प्रभाग के टांडा रेंज स्थित शाह पठानी खत्ते में जंगली हाथी के हमले से दो लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार दोनों व्यक्तियों को हाथी ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। मृतकों में एक की पहचान बांधो प्रजापति (75 वर्ष), निवासी हुंकारखाप, जबड़ा, जिला चतरा (झारखंड) के रूप में हुई है। वहीं, दूसरे मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि वह व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ था।
घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित सैनी, प्रभारी निरीक्षक लालकुआं ब्रजमोहन सिंह राणा और वन विभाग के रेंजर रूपनारायण गौतम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है।
वन विभाग ने आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है और लोगों से जंगल के किनारे जाने से बचने की अपील की है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने वन विभाग से मुआवजे की मांग की है, जिस पर विभाग ने नियमानुसार सहायता देने का आश्वासन दिया है।



