पौड़ीराजनीति

श्राद्ध पर सियासत से डोभाल के उपहास तक, अनुकृति ने कांग्रेस को घेरा, बोलीं- सनातन परंपरा का मजाक उड़ाना तुच्छ राजनीति

श्रीनगर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा अपने पिता का श्राद्ध किए जाने को लेकर कांग्रेस की टिप्पणी पर भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता अनुकृति गुसाईं ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस पर धार्मिक आस्था और सनातन परंपराओं को राजनीतिक निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि श्राद्ध हमारी सनातन संस्कृति का हिस्सा है। किसी व्यक्ति की धार्मिक आस्था का उपहास उड़ाना तुच्छ राजनीति से अधिक कुछ नहीं है।

अनुकृति ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर कांग्रेस के युवराज कोटद्वार के मोहम्मद दीपक को दिल्ली बुलाकर गले लगाते हैं, वहीं दूसरी ओर जब यही मोहम्मद दीपक हिंदू व्यापारियों के साथ मारपीट करता है तो व्यापारियों के समर्थन में कांग्रेस के मुंह से एक शब्द तक नहीं निकलता। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का यह रवैया उसकी कथित दोहरी मानसिकता को उजागर करता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उसके लिए कानून और न्याय के मुद्दे पर सभी नागरिकों के साथ समान व्यवहार क्यों नहीं है। अनुकृति ने आरोप लगाया कि राजनीतिक सुविधा के अनुसार मुद्दों पर प्रतिक्रिया देना कांग्रेस की कार्यशैली बन गई है।

भाजपा प्रवक्ता ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर कांग्रेस की टिप्पणियों पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पद पर रहे व्यक्ति का भी मजाक उड़ाने से पीछे नहीं हटती। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन देश की सुरक्षा और राष्ट्रीय हित से जुड़े व्यक्तियों को लेकर इस तरह की भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है।

अनुकृति गुसाईं ने कहा कि कांग्रेस को धार्मिक आस्था, राष्ट्रीय सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द जैसे विषयों पर राजनीति करने के बजाय अपने रवैये पर आत्ममंथन करना चाहिए।

Namaskar Live

सोशल मीडिया के इस दौर में खबरों को लेकर भ्रांतियां पैदा हो रही है। ऐसे में आम पाठक को सही खबरें नहीं मिल पा रही है। उसे हकीकत और तथ्यपूर्ण खबरों से रूबरू कराने के लिए ही मैंने यह पोर्टल बनाया है। संपादक तनुजा जोशी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button