
देहरादून: उत्तराखंड में जैनी प्रकरण अब केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि महिला की असल पहचान को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। सोशल मीडिया पर सामने आईं तीन अलग-अलग तस्वीरों ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। इनमें एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से जुड़ी महिला की बताई जा रही है, जबकि दूसरी देहरादून में मीडिया के सामने जैनी के रूप में प्रस्तुत हुई महिला की है। तीसरी तस्वीर वर्ष 2003 की बताकर प्रसारित की जा रही है।
इन तस्वीरों के सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर जैनी कौन है? क्या तीनों तस्वीरों में दिखाई दे रही महिलाएं एक ही हैं या अलग-अलग? हालांकि, तस्वीरों की प्रामाणिकता और उनमें दिखाई दे रही महिलाओं की पहचान की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
इधर, इस पूरे प्रकरण को लेकर प्रदेश की सियासत भी गरमा गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की जैनी को लेकर की गई टिप्पणियों के बाद मामला लगातार चर्चा में है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग से जनता का ध्यान भटकाने के लिए सत्ता पक्ष जैनी प्रकरण को राजनीतिक मुद्दा बना रहा है।



