
देहरादून: विधानसभा चुनाव की आहट के बीच भाजपा ने धामी सरकार के पांच साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रख दिया है। सरकार ने रोजगार, महिला सशक्तीकरण और गरीब कल्याण को अपनी उपलब्धियों के केंद्र में रखते हुए विकास का खाका पेश किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दावा किया कि सरकार ने संकल्प पत्र में किए गए अधिकांश वादों को पूरा किया है।
रिपोर्ट कार्ड में जहां 36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी देने और साढ़े तीन लाख से अधिक महिलाओं के लखपति दीदी बनने को प्रमुख उपलब्धि बताया गया, वहीं करीब 10 लाख लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन देने और 60 लाख से अधिक लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराने का भी उल्लेख किया गया।
रिपोर्ट कार्ड विमोचन कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत और तीरथ सिंह रावत समेत भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार अपने कामों का हिसाब जनता के सामने रखने में विश्वास करती है। वर्ष 2022 में भी पार्टी रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच गई थी। उत्तराखंड गठन के बाद सरकार बदलने का मिथक तोड़कर जनता ने भाजपा को लगातार दूसरी बार सत्ता में पहुंचाया। अब सरकार अपने कार्यों और उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच है।
भर्तियों में पारदर्शिता से लेकर विदेशों में रोजगार तक
सरकार ने युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार को प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नकल विरोधी कानून लागू करने के बाद भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई और अब तक करीब 36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 11 हजार युवाओं को ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने की योजना शुरू की गई है। जर्मनी और जापान में रोजगार के लिए युवाओं को भाषा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस पहल से 106 युवाओं को विदेश में रोजगार मिला है। प्रदेश में करीब दो हजार स्टार्टअप संचालित हो रहे हैं और नए उद्यमों को प्रोत्साहित करने के लिए 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड बनाया गया है।
महिलाओं की आर्थिक मजबूती को बनाया आधार
महिला सशक्तीकरण के मोर्चे पर सरकार ने साढ़े तीन लाख से अधिक महिलाओं के लखपति दीदी बनने को बड़ी उपलब्धि बताया। पांच लाख स्वयं सहायता समूहों से महिलाएं जुड़ी हैं। उन्हें पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान मिल रही है। इस ब्रांड के तहत महिलाओं के उत्पादों का कारोबार 6.5 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुका है। सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत और सहकारी संस्थाओं में 35 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार और 12वीं की शिक्षा पूरी करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।
गरीब कल्याण योजनाओं के लाभार्थियों पर फोकस
गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के आंकड़े भी रिपोर्ट कार्ड में शामिल किए गए हैं। प्रदेश में करीब 10 लाख लोगों को वृद्धावस्था, दिव्यांग और अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है। पति-पत्नी दोनों को अलग-अलग पेंशन देने का प्रावधान किया गया है। अंत्योदय परिवारों को हर साल तीन निशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा मिल रही है, जिससे करीब दो लाख परिवार लाभान्वित हो रहे हैं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत पांच लाख से अधिक एलपीजी कनेक्शन दिए गए हैं। गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 60 लाख से अधिक लाभार्थियों को मुफ्त राशन मिल रहा है। आवास योजनाओं के तहत एक लाख से अधिक आवास बनाए जा चुके हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 50 हजार अतिरिक्त आवास जल्द मिलने की उम्मीद है।



