
देहरादून: पौड़ी जिले के रिखणीखाल ब्लाक में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कालवाड़ी गांव के पास एक ईको वैन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक समेत आठ लोगों की जान चली गई। मृतकों में सात महिलाएं शामिल हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार, रिखणीखाल ब्लाक के कोटनाली भंगालवाण की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं बैंक संबंधी कार्य से सिद्धखाल गई थीं। काम निपटाने के बाद सभी ईको वैन से अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान कालवाड़ी गांव के समीप वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। इसके बाद प्रशासन और पुलिस की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। खाई में गिरे लोगों को बाहर निकालने के लिए संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में वाहन चालक अनिल देवराड़ा और सात महिलाएं शामिल हैं।
हादसे में घायल लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल एक महिला को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजने के प्रयास किए गए। दुर्घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
मृतकों के नाम
कांती देवी (45) पत्नी दिनेश चंद्र, निवासी भंगालवाड़।
रेखा देवी (42) पत्नी प्रेम सिंह, निवासी भंगालवाड़।
अनिल देवराड़ा (48) पुत्र जयानंद, निवासी भंगालवाड़ (चालक)।
सुमित्रा देवी (50) पत्नी रमेश सिंह, निवासी भंगालवाड़।
सुनीता देवी (45) पत्नी महेंद्र सिंह, निवासी भंगालवाड़।
धनेश्वरी देवी (46) पत्नी किशन चंद फता निवासी भंगालवाड़।
सरोजनी देवी (38) पत्नी मोहन सिंह, निवासी भंगालवाड़।
रजनी देवी (35) निवासी भंगालवाड़।



