उत्तराखंडक्राइम

देहरादून निवासी यूट्यूबर ने पार्टनर युवती को सातवीं मंजिल से फेंका, खुद भी कूदकर दी जान, लिव इन रिलेशनशिप में थे

बहादुरगढ़: रूहिल रेजीडेंसी अपार्टमेंट में किराये पर रह रहे उत्तराखंड के यूट्यूबर युवक-युवती के बीच विवाद दोनों के अंत की वजह बन गया। शनिवार सुबह छह बजे सातवीं मंजिल की बालकनी से युवक ने गुस्से में पहले पार्टनर को फेंक दिया और फिर खुद भी कूद गया। दोनों ने दम तोड़ दिया। युवक गर्वित सिंह उर्फ गैरी (25) देहरादून के दून एन्कलेव और युवती नंदिनी कश्यप (25) रायपुर रोड स्थित शांति विहार की रहने वाली थी। दोनों काफी समय से लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। इन दिनों बहादुरगढ़ में शार्ट फिल्म बनाने के लिए टीम के साथ महीने भर से ठहरे हुए थे।

अपार्टमेंट के फ्लैट बी-701 में गर्वित और नंदिनी के साथ पूरी टीम थी। पांच और लोग थे। गर्वित दो-तीन दिन से घर गया था। शनिवार अल सुबह लौटा था। वह फ्लैट में पहुंचा। वहां बाकी टीम सदस्य पार्टी कर रहे थे। इस बीच गर्वित कमरे में नंदिनी के पास पहुंचा। दोनों इसी कमरे में रहते थे। कुछ देर बाद उनमें झगड़ा हो गया।

दरवाजा अंदर से बंद था। वे झगड़ा करते हुए बालकनी में पहुंच गए। बाकी टीम के सदस्य उन्हें रोकने के लिए दूसरे कमरे की बालकनी में खड़े थे। बातचीत होती रही। एक सदस्य ने अनहोनी की आशंका में उनकी वीडियो बनानी चाही तो गर्वित ने रोक दिया। वह गुस्से में था। अगले ही पल उसने नंदिनी को ग्रिल के ऊपर से नीचे फेंक दिया। फिर खुद भी कूद गया। यह देख बाकी टीम सहम गई। सभी सीढ़ियों से नीचे दौड़े। जब पहुंचे तो दोनों जमीन पर अचेत थे। खून बिखरा था। उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे तो चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

इधर, सेक्टर-छह थाना से पुलिस पहुंची। शव सिविल अस्पताल भेजे गए। पोस्टमार्टम रविवार को होगा। गर्वित और नंदिनी काफी समय से साथ थे। यूट्यूब पर उनके कई सारे वीडियो हैं। नंदिनी ने साल भर पहले वेब शो में काम किया था। उस दौरान की वीडियो भी गर्वित के साथ है। उनके बीच विवाद कई दिनों से था। सेक्टर-छह थाना एसएचओ महेश कुमार ने बताया कि युवक-युवती के स्वजन शाम को यहां पहुंचे। उनके बयान दर्ज कर लिए गए हैं। अब आगामी कार्रवाई की जा रही है।

Namaskar Live

सोशल मीडिया के इस दौर में खबरों को लेकर भ्रांतियां पैदा हो रही है। ऐसे में आम पाठक को सही खबरें नहीं मिल पा रही है। उसे हकीकत और तथ्यपूर्ण खबरों से रूबरू कराने के लिए ही मैंने यह पोर्टल बनाया है। संपादक तनुजा जोशी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button