
रुड़की: लक्सर-रुड़की रोड पर सोमवार देर शाम चाइनीज मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की गर्दन कट गई। गंभीर रूप से घायल युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के स्वजन को घटना की सूचना दे दी है।
पुलिस के मुताबिक मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के शिकारपुर गांव निवासी दीपक (27) सोमवार को किसी काम से बाइक से रुड़की आया था। देर शाम वह बाइक से वापस अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही वह लक्सर-रुड़की मार्ग पर नगला इमरती के पास पहुंचा तो इसी दौरान सड़क पर फैला चाइनीज मांझा अचानक उसकी गर्दन में फंस गया।
बाइक की रफ्तार होने के कारण मांझा गर्दन में तेजी से उलझ गया और उसकी गर्दन गंभीर रूप से कट गई। अचानक हुए इस हादसे के बाद दीपक बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में युवक को रुड़की के सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक की पहचान की और घटना की जानकारी उसके स्वजन को दी। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सड़क पर चाइनीज मांझा कहां से आया और इसे किसने इस्तेमाल किया था।
राहगीरों की सुरक्षा पर सवाल
चाइनीज मांझे से युवक की मौत के बाद सड़क से गुजरने वाले दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पतंग उड़ाने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला यह धारदार मांझा अक्सर बिजली के तारों, पेड़ों और सड़कों के आसपास फंस जाता है। सड़क पर गर्दन या शरीर के किसी हिस्से में लिपटने पर यह गंभीर हादसे का कारण बन सकता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस से चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाने तथा संवेदनशील मार्गों पर विशेष निगरानी की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क पर इस तरह मांझा फैला रहना राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। सोमवार देर शाम हुआ हादसा इसका गंभीर उदाहरण है।



