उत्तराखंडसामाजिक

आज सुबह 11 बजे बजेगा भूकंप का सायरन, घबराएं नहीं; भूदेव एप पर भी आएगा अलर्ट”

पूर्व चेतावनी प्रणाली की तैयारियों को परखने के लिए प्रदेशभर में होगा परीक्षण, वर्तमान में 169 सेंसर और 112 सायरन स्थापित, संख्या दोगुनी करने की तैयारी

देहरादून: उत्तराखंड में भूकंप की पूर्व चेतावनी प्रणाली की तैयारियों को परखने के लिए आज शुक्रवार सुबह 11 बजे प्रदेशभर में सायरन बजेगा। इसे वास्तविक भूकंप न समझें। यह सायरन और सेंसर की कार्यप्रणाली जांचने के साथ ही आमजन को जागरूक करने के लिए किया जा रहा पूर्व निर्धारित अभ्यास है। गुरुवार को भूदेव एप के माध्यम से भी लोगों को इसकी सूचना दी गई।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि परीक्षण के दौरान लोगों को सायरन की आवाज से परिचित कराया जाएगा, ताकि वास्तविक भूकंप आने पर वे चेतावनी को पहचान सकें और घबराने के बजाय सुरक्षित स्थान पर जाने समेत आवश्यक सावधानियां बरत सकें। वर्तमान में प्रदेश में 169 सेंसर और 112 सायरन स्थापित हैं। परीक्षण के दौरान तकनीकी खामी सामने आने पर उसे तत्काल दूर किया जाएगा।

सेंसर और सायरन की संख्या दोगुनी करने की तैयारी

सचिव ने बताया कि भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली को और मजबूत करने के लिए सेंसर और सायरन की संख्या दोगुनी करने की तैयारी है। इन्हें करीब पांच से 10 किलोमीटर के अंतराल पर स्थापित करने की दिशा में काम चल रहा है। उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) और आईआईटी रुड़की के सहयोग से अतिरिक्त सेंसर लगाने का प्रस्ताव भी गतिमान है।

भूदेव एप पर आएगा चेतावनी संदेश

परीक्षण के दौरान भूदेव एप पर चेतावनी संदेश के साथ कंपन और बीप की आवाज भी आएगी। लोगों से अपील की गई है कि वे एप का अपडेट वर्जन रखें और उसे स्थायी रूप से स्थान की अनुमति दें, ताकि चेतावनी प्राप्त करने में दिक्कत न हो। सायरन बजने पर किसी भी तरह की अफवाह या घबराहट से बचने की सलाह दी गई है।

Namaskar Live

सोशल मीडिया के इस दौर में खबरों को लेकर भ्रांतियां पैदा हो रही है। ऐसे में आम पाठक को सही खबरें नहीं मिल पा रही है। उसे हकीकत और तथ्यपूर्ण खबरों से रूबरू कराने के लिए ही मैंने यह पोर्टल बनाया है। संपादक तनुजा जोशी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button