बस्ती की पाठशाला में सजी प्रतिभाओं की महफिल, बच्चों ने बिखेरे हुनर के रंग, किसी ने गीत तो किसी ने कविता से जीता दिल

देहरादून: किसी ने नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति से तालियां बटोरीं तो किसी ने कविता पाठ के जरिए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। गीतों की मधुर प्रस्तुतियों ने भी समां बांधा। मौका था बाल दिवस पर श्री महिमानंद फाउंडेशन और संपर्क संस्थान की ओर से दरभंगा बस्ती स्थित बस्ती की पाठशाला में आयोजित कार्यक्रम का। इसमें बच्चों ने उत्साह के साथ विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में आयोजित डांस प्रतियोगिता में शिवानी ने पहला, अविनाश ने दूसरा और लक्ष्मी ने तीसरा स्थान हासिल किया। कविता प्रतियोगिता में अंजली प्रथम, अमित द्वितीय और गुंजन तृतीय रहे। वहीं, गीत प्रतियोगिता में आंचल ने पहला, विकास ने दूसरा और हेतवी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ ही उनमें रचनात्मकता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना रहा। बच्चों की प्रस्तुतियों ने मौजूद लोगों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि साहित्यकार मुकेश नौटियाल ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर विशिष्ट अतिथि दीपा कौशलम, आशिता डोभाल, कैसी कुड़ियाल, शशि कुड़ियाल, गीता जुयाल, प्रेम पंचोली, नीतू डिमरी, अनंत, अंश, मुकेश, गजेंद्र रमोला, मीना और शुभम आदि मौजूद रहे।



