उत्तराखंडदेहरादून

फोटो जर्नलिस्ट सिर्फ तस्वीर नहीं, समय और इतिहास को दर्ज करता है : डॉ. निशंक

देहरादून: उत्तराखंड न्यूज़ कैमरामैन एसोसिएशन (UNCA) की ओर से सोमवार को दून लाइब्रेरी एवं शोध केंद्र में उत्कृष्ट छायांकन कला को समर्पित विशेष फोटो प्रदर्शनी एवं फोटो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में एसोसिएशन के सदस्यों की ओर से खींची गई संवेदनशील और प्रभावशाली तस्वीरों के माध्यम से उत्तराखंड की लोक-संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य, विविध रंगों और समसामयिक विषयों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने किया।

फोटो लेना और फोटो जर्नलिज्म अलग-अलग : निशंक

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. निशंक ने कहा कि मोबाइल फोन ने फोटोग्राफी को लोकतांत्रिक बना दिया है। आज कोई भी व्यक्ति किसी घटना का फोटो या वीडियो बनाकर कुछ ही क्षणों में उसे सोशल मीडिया पर डाल सकता है, लेकिन तस्वीर लेना और फोटो जर्नलिज्म करना एक बात नहीं है।

उन्होंने कहा कि फोटो जर्नलिस्ट केवल तस्वीर नहीं बनाता, बल्कि वह समय को दर्ज करता है। वह घटनाओं का साक्षी और समाज का आईना होता है। फोटो जर्नलिस्ट इतिहास के उन चरणों को भी सुरक्षित करता है, जिन्हें आने वाली पीढ़ियां वर्षों बाद देखकर उनसे सीख लेती हैं।

एआई के दौर में विश्वसनीयता सबसे बड़ी चुनौती

यूएनसीए अध्यक्ष राजू पुशोला ने कहा कि फोटो जर्नलिज्म के सामने एआई तकनीक एक गंभीर सवाल खड़ा कर रही है। आज सबसे बड़ी लड़ाई विश्वसनीयता की है। उन्होंने कहा कि वास्तविक फोटो जर्नलिस्ट की सबसे बड़ी ताकत उसका कैमरा नहीं, बल्कि उसकी ईमानदारी, अनुभव, नजर और सत्य के प्रति प्रतिबद्धता होती है।

उन्होंने कहा कि एसोसिएशन का प्रयास रहता है कि तस्वीरों में हमेशा सत्यता, नजर में संवेदना और कैमरे में जिम्मेदारी रहे। फोटो जर्नलिज्म में विश्वसनीयता हमेशा जीवित रहनी चाहिए।

समृद्धि ने हासिल किया प्रथम स्थान

कार्यक्रम में आयोजित फोटो प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया। मानसून थीम पर आधारित फोटो प्रतियोगिता में प्रथम स्थान दून यूनिवर्सिटी की छात्रा समृद्धि ने प्राप्त किया। रितिका पाल ने द्वितीय पुरस्कार हासिल किया, जबकि रिद्धि तीसरे स्थान पर रहीं। सुवानी कृष्णा को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

आयोजन के दौरान मुख्य अतिथि ने प्रतिभाग करने वाले सभी फोटो जर्नलिस्ट को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। वरिष्ठ कैमरामैन किशोर अरोड़ा, फोटोग्राफर इंद्रदेव रतूड़ी और जितेंद्र नेगी को मीडिया जगत में उनकी सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। हाल ही में उत्तराखंड सिने अवार्ड में सर्वश्रेष्ठ खलनायक का पुरस्कार प्राप्त करने वाले कैलाश कंडवाल को भी सम्मानित किया गया।

पत्रकारिता विद्यार्थियों को सिखाई फोटोग्राफी की बारीकियां

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पुनीत मित्तल तथा बीर सिंह पवार ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। इसके अलावा दून विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के छात्र-छात्राओं के लिए विशेष ‘फोटो जर्नलिज्म कार्यशाला’ आयोजित की गई। इसमें अनुभवी छायाकारों ने विद्यार्थियों को फील्ड रिपोर्टिंग और फोटोग्राफी की बारीकियों से अवगत कराया। समारोह में उत्तराखंड न्यूज़ कैमरामैन एसोसिएशन के अध्यक्ष राजू पुशोला, सचिव मुकेश राजपूत, उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष कैलाश कंडवाल, सह-सचिव अफजाल अहमद, कार्यकारिणी सदस्य अमित शर्मा, दयाल बिष्ट, संजय नेगी, नवीन कुमार, उमाशंकर कुकरेती, बिपिन नौटियाल, अजय लाल, सतपाल गांधी व मनीष पंडित सहित कई अतिथिगण मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन यूएनसीए के सचिव मुकेश राजपूत ने किया।

Namaskar Live

सोशल मीडिया के इस दौर में खबरों को लेकर भ्रांतियां पैदा हो रही है। ऐसे में आम पाठक को सही खबरें नहीं मिल पा रही है। उसे हकीकत और तथ्यपूर्ण खबरों से रूबरू कराने के लिए ही मैंने यह पोर्टल बनाया है। संपादक तनुजा जोशी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button