उत्तराखंडहरिद्वार

Haridwar:हरिद्वार से अयोध्या जाने वाली आस्था एक्सप्रेस को आखिर क्यों करना पड़ा कैंसिल, जानें नया शेड्यूल

हरिद्वार: अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद वहां रामभक्तों का सैलाब उमड़ने से विश्व हिंदू परिषद को अपनी विशेष अयोध्या यात्रा स्थगित करनी पड़ी है। यात्रा के तहत विहिप की 25 जनवरी से 22 फरवरी तक हर राज्य से विशेष ट्रेन के जरिये रामभक्तों को अपने खर्चे पर अयोध्या ले जाने की योजना थी।

उत्तराखंड के 1500 रामभक्तों को सबसे पहले दर्शन करने थे। इसके लिए 25 जनवरी को विशेष ट्रेन देहरादून से रवाना होनी थी, जिसे 26 जनवरी को अयोध्या पहुंचना था। रामभक्तों के लिए पहले दर्शन की तिथि 27 जनवरी तय थी। यात्रा स्थगित होने की पुष्टि करते हुए विहिप के संगठन मंत्री अजय कुमार ने बताया कि यात्रा की आगामी तिथि बाद में घोषित की जाएगी। इधर, यात्रा के स्थगित होने से रामभक्त मायूस हैं।

विहिप के अंतरराष्ट्रीय कार्य अध्यक्ष आलोक कुमार ने गत 25 दिसंबर को हरिद्वार में इस योजना की घोषणा की थी। उन्होंने बताया था कि धर्म की पुनर्स्थापना के लिए संघर्ष सदैव से होता आया है। कभी-कभी सृजन के लिए यह आवश्यक भी होता है। श्रीराम जन्मभूमि के लिए 76 बार विकट संघर्ष हुआ, इस संघर्ष में हर भाषा, वर्ग, समुदाय व संप्रदाय के लोगों ने सहभागिता निभाई।

25 पीढ़ियों के बलिदान, त्याग और समर्पण के प्रतिफल स्वरूप प्राप्त श्रीराम मंदिर की साक्षी वर्तमान पीढ़ी है। आंदोलन को समर्पित इन्हीं रामभक्तों की वर्तमान पीढ़ी को विहिप सपरिवार अपने खर्च पर अयोध्या ले जा रही थी। सभी तैयारियां पूरी हो गईं थीं। अयोध्या जाने वाले रामभक्तों से इसके लिए एक-एक हजार का पंजीकरण भी करा लिया गया था।

ट्रेन को दोपहर बाद देहरादून से चलकर तीन बजे हरिद्वार पहुंचना था। लेकिन, बुधवार शाम विहिप की ओर से जानकारी दी गई कि अयोध्या में बदली परिस्थितियों के कारण यात्रा को स्थगित करना पड़ा। इससे अयोध्या दर्शन को जाने के लिए तैयार रामभक्त मायूस हैं। हालांकि, इस बात का संतोष है कि अयोध्या में स्थिति सामान्य होने पर उन्हें विहिप की ओर से यात्रा और राममंदिर दर्शन का लाभ अवश्य मिलेगा।

एक फरवरी को जानी है ट्रेन

रेलवे की ओर से अयोध्या के लिए संचालित होने वाली ट्रेनों में फरवरी का भी शेड्यूल जारी किया जा चुका है। एक फरवरी को सुबह 11 बजे देहरादून से अयोध्या के लिए स्पेशल ट्रेन का संचालन प्रस्तावित है। यह ट्रेन तीन फरवरी की दोपहर 2:55 पर अयोध्या पहुंचेगी। वहीं, आठ फरवरी को योगनगरी ऋषिकेश से सुबह 11:40 पर चलने वाली ट्रेन नौ फरवरी को दोपहर 2:55 पर पहुंचेगी। 15 फरवरी को हरिद्वार से दोपहर 1:15 पर चलने वाली ट्रेन 16 फरवरी को दोपहर 2:55 पर पहुंचेगी। यह बताया जा रहा है कि अब रामभक्त एक फरवरी वाली ट्रेन से जा सकेंगे।

अयोध्या की बसों का संचालन सुचारू

देहरादून से अयोध्या के लिए बसों का संचालन पूरी तरह सुचारू है। परिवहन निगम के मंडलीय प्रबंधक संचालन संजय गुप्ता ने बताया कि रोडवेज बसें नियमित तौर पर जा रही हैं। देहरादून से रवाना हुई बसों को अयोध्या में कोई दिक्कत नहीं हुई है। अयोध्या से सवारियों को लेकर बस सुचारू तौर पर उत्तराखंड आ रही हैं। उन्होंने बताया कि अब तक किसी प्रकार की कोई समस्या होने की सूचना स्टाफ की ओर से उन्हें नहीं दी गई है।

Namaskar Live

सोशल मीडिया के इस दौर में खबरों को लेकर भ्रांतियां पैदा हो रही है। ऐसे में आम पाठक को सही खबरें नहीं मिल पा रही है। उसे हकीकत और तथ्यपूर्ण खबरों से रूबरू कराने के लिए ही मैंने यह पोर्टल बनाया है। संपादक तनुजा जोशी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button