
देहरादून: उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मौसम विभाग ने छह से 11 अक्टूबर तक प्रदेश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गर्जन और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि, प्रदेश के अधिकांश मैदानी जनपदों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, छह से आठ अक्टूबर तक 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद नौ से 11 अक्टूबर के बीच करीब 3800 मीटर की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी के आसार हैं।
इन जिलों में तेज हवाओं और आकाशीय बिजली का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, चमोली, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
वहीं, छह और सात अक्टूबर को नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, देहरादून, टिहरी और पौड़ी में मध्यम बारिश के साथ तेज गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।



