
देहरादून: प्रेमनगर क्षेत्र के पौंधा रोड स्थित लोअर कंडोली में मंगलवार देर रात तेज बरसाती बहाव के चलते राजस्थान नंबर की क्रेटा कार नदी में बह गई। हादसे के समय कार में यूपीईएस के तीन छात्र-छात्राएं सवार थे। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रातभर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवती को घायल अवस्था में सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
थाना प्रेमनगर पुलिस को सूचना मिली कि लोअर कंडोली, पौंधा रोड स्थित कंडोली पुल के पास तेज बरसाती बहाव की चपेट में आने से एक क्रेटा कार नदी में बह गई है। सूचना पर एसडीआरएफ और पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
लगातार बारिश और नदी के तेज बहाव के बीच एसडीआरएफ के जवानों ने आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। रेस्क्यू टीम को जानकारी मिली कि कार में एक युवक और दो युवतियां सवार थे।
रातभर चले सर्च अभियान के दौरान एसडीआरएफ टीम ने घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर सहज बवेजा को घायल अवस्था में बरामद किया। टीम ने उसे सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक सहायता दी और बाद में पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
इसके बाद एसडीआरएफ ने नदी और आसपास के क्षेत्र में सर्चिंग जारी रखी। अभियान के दौरान कार में सवार अक्षय (20) निवासी जयपुर, राजस्थान का शव बरामद किया गया। इसके साथ ही एक अन्य युवती का शव भी टीम को मिला। उसकी पहचान की जा रही है। दोनों शवों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।



