
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राज्य सिविल सेवा और सचिवालय सेवा के 10 अधिकारियों के तबादले किए हैं। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 की ओर से जारी आदेश के अनुसार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती दी गई है।

जारी आदेश में कई अहम विभागों में बदलाव किए गए हैं। श्री गिरधारी सिंह रावत को सूचना प्रौद्योगिकी, सुराज एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग में अपर सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं श्रीमती इला गिरी को दुग्ध विकास और महिला डेयरी का निदेशक बनाया गया है।
इसके अलावा श्री सुन्दर लाल सेमवाल को सचिवालय प्रशासन विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। श्री महावीर सिंह चौहान को लोक निर्माण विभाग में अपर सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
हरिद्वार और देहरादून समेत कई जिलों में प्रशासनिक बदलाव भी किए गए हैं। श्री योगेश मेहरा को हरिद्वार का डिप्टी कलेक्टर बनाया गया है, जबकि श्री प्रमोद कुमार को नैनीताल से चंपावत स्थानांतरित किया गया है।
शासन ने सभी अधिकारियों को तत्काल कार्यभार ग्रहण कर अनुपालन आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।



