
देहरादूनः सीमांत क्षेत्रों को पर्यटन, रोजगार और एडवेंचर स्पोर्ट्स की नई पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए Pushkar Singh Dhami ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 के काउंटडाउन रन को फ्लैग ऑफ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मशाल प्रज्ज्वलित कर प्रतिभागियों के साथ प्रतीकात्मक दौड़ में हिस्सा लिया और “क्यालु- हिम तेंदुआ” शुभंकर का अनावरण भी किया।
देश के 27 राज्यों और दो देशों से 900 से अधिक प्रतिभागियों के पंजीकरण ने आयोजन को राष्ट्रीय स्तर पर खास पहचान दिलाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में नई ऊर्जा, नए अवसर और नए विश्वास को जागृत करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के युवाओं में साहस, संकल्प और देश के लिए कुछ बड़ा करने का जज्बा कूट-कूट कर भरा है और यही ऊर्जा आने वाले समय में नीति घाटी की ऊंचाइयों पर नया इतिहास रचेगी।
उन्होंने कहा कि यह दौड़ केवल शारीरिक क्षमता की परीक्षा नहीं, बल्कि इच्छाशक्ति, धैर्य और आत्मविश्वास को मजबूत करने का माध्यम भी है। नीति घाटी जैसे दुर्गम क्षेत्र में दौड़ने के लिए बुलंद हौंसला और हिमालय जैसा अडिग विश्वास जरूरी है। मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों को उत्तराखंड के पर्यटन, साहस और सामर्थ्य का ब्रांड एंबेसडर बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi का यह विजन कि सीमावर्ती गांव देश के अंतिम नहीं, बल्कि पहले गांव हैं, इस आयोजन के माध्यम से साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि इससे सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, होमस्टे, स्थानीय उत्पादों और युवा उद्यमिता को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 31 मई को नीति घाटी की दुर्गम धरती पर आयोजित होने वाला यह आयोजन उत्तराखंड के एडवेंचर स्पोर्ट्स और स्पोर्ट्स टूरिज्म के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय लिखेगा। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए सुरक्षित और पूरे आत्मविश्वास के साथ दौड़ में हिस्सा लेने की अपील की।
इस अवसर पर पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल, पर्यटन विकास परिषद के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेंद्र भंडारी सहित अनेक प्रतिभागी मौजूद रहे।



