
देहरादून: हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष की जनसभा के बाद यज्ञ एवं शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस लेने की मांग को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को देहरादून में जोरदार प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया।
भारी बारिश के बीच कांग्रेस कार्यकर्ता परेड मैदान से नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े। पुलिस ने उन्हें हाथीबड़कला स्थित पुलिस चौकी के पास रोक लिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए और प्रदेश सरकार तथा भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया।
इससे पहले परेड मैदान में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में परिवर्तन की लहर चल रही है और अगले वर्ष उत्तराखंड से इसकी शुरुआत होने जा रही है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों के लिए पूरी मजबूती के साथ जुटने का आह्वान किया।
सभा को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह समेत अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने भी संबोधित किया। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर जनहित के मुद्दों की अनदेखी करने और विपक्ष के नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से जनता के मुद्दों को उठाती रहेगी और सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन जारी रखा जाएगा। पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद भी कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर डटे हैं और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।



