देहरादूनराजनीति

शहरों के विकास से ही विकसित भारत का सपना होगा साकार, मुख्यमंत्री धामी ने तीन योजनाओं का किया शिलान्यास

ऋषिकेश– मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को होटल नटराज, ऋषिकेश में आयोजित अखिल भारतीय महापौर परिषद की 117वीं कार्यकारी समिति बैठक में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 29.78 करोड़ रुपये की तीन योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 23.15 करोड़ रुपये की एक योजना का लोकार्पण तथा 6.63 करोड़ रुपये की दो योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न शहरों से आए महापौरों का स्वागत करते हुए कहा कि सभी मेयर अपने शहर के प्रथम नागरिक होने के साथ-साथ शहरवासियों की आशाओं, अपेक्षाओं और विश्वास के प्रतिनिधि भी हैं। उनके निर्णयों का प्रभाव आने वाली पीढ़ियों के भविष्य पर भी पड़ता है। उन्होंने कहा कि हमारे देश की आत्मा गांवों में बसती है, जबकि नागरिकों के सपने, उनकी आकांक्षाएं और उनके भविष्य की संभावनाएं शहरों में आकार लेती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। उन्होंने अपने जीवन के महत्वपूर्ण पल उत्तराखंड में बिताए हैं और वे प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र से भली-भांति परिचित हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में इस वर्ष चारधाम यात्रा के अब तक 45 दिनों में 30 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने यात्रा की है, जो एक नया रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता श्रद्धालुओं की यात्रा को सरल, सुगम और सुरक्षित बनाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले आदि कैलाश में लगभग 500 लोग आते थे, जबकि इस वर्ष यात्रा शुरू होने के बाद प्रतिदिन करीब एक हजार श्रद्धालु वहां पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि मां पूर्णागिरि मंदिर में भी 24 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। बीते चार वर्षों में 23 करोड़ से अधिक पर्यटक उत्तराखंड पहुंचे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में शहरी विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से लाखों शहरों में साफ-सफाई की नई संस्कृति विकसित हुई है। स्मार्ट सिटी मिशन से आधुनिक एवं सुव्यवस्थित शहरी विकास का मॉडल तैयार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना से लाखों गरीब परिवारों का घर का सपना पूरा हुआ है, जबकि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से रेहड़ी-पटरी वालों को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देवभूमि उत्तराखंड के शहरों के विकास को नई गति दी जा रही है। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत प्रत्येक नगर में ठोस कचरा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी मिशन, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत मिशन, खुले में शौच मुक्त अभियान और लीगेसी वेस्ट प्रबंधन जैसी योजनाओं का लाभ प्रदेश के नागरिकों को मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों के गरीब परिवारों को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश में पहली बार नगर निकायों में अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्थापित किए गए हैं। निराश्रित गौवंशों को आश्रय देने के लिए आश्रय योजना तथा स्थानीय निकायों में श्वानों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए एनिमल बर्थ कंट्रोल योजना शुरू की गई है। हरित क्षेत्रों के विकास और प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में भी प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे शहर दुनिया के समक्ष देश की वास्तविक छवि प्रस्तुत करते हैं। यदि शहर सुव्यवस्थित, स्वच्छ, सुरक्षित और विकसित होंगे तो भारत की छवि भी सशक्त, समृद्ध और अग्रणी राष्ट्र के रूप में स्थापित होगी। उन्होंने कहा कि शहर स्वच्छ होगा तो पूरा भारत स्वच्छ होगा और शहर सुव्यवस्थित होगा तो पूरा देश सुव्यवस्थित होगा। प्रत्येक शहर सशक्त, सुरक्षित और समृद्ध होगा तो भारत विकसित राष्ट्र अवश्य बनेगा।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि विकसित भारत-2047 की तर्ज पर विकसित उत्तराखंड के निर्माण की दिशा में कार्य किया जा रहा है। महानगरों को विकसित, आत्मनिर्भर बनाने, सौर ऊर्जा, कूड़ा प्रबंधन, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, स्थानीय एवं छोटे उद्योगों की स्थापना जैसे प्रयासों की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है।

मुख्यमंत्री ने नगर निगम ऋषिकेश में 1.80 करोड़ रुपये की लागत से पीपीपी मोड़ पर 10 स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशनों के निर्माण तथा 4.83 करोड़ रुपये की लागत से ऋषिकेश के 12 स्थानों पर वर्षा जल संचयन कार्यों का शिलान्यास किया। इसके अलावा 23.15 करोड़ रुपये की लागत से नगर निगम ऋषिकेश की सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट योजना के अंतर्गत कम्पोस्ट प्लांट एवं सैनिटरी लैंडफिल साइट लालपानी बीट निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्थलों का अवलोकन भी किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, मेयर शंभू पासवान, रेनू बाला गुप्ता, आशुतोष सहित देशभर के विभिन्न शहरों से आए मेयर उपस्थित रहे।

Namaskar Live

सोशल मीडिया के इस दौर में खबरों को लेकर भ्रांतियां पैदा हो रही है। ऐसे में आम पाठक को सही खबरें नहीं मिल पा रही है। उसे हकीकत और तथ्यपूर्ण खबरों से रूबरू कराने के लिए ही मैंने यह पोर्टल बनाया है। संपादक तनुजा जोशी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button