देहरादून में मुठभेड़: राजस्थान के दो बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

देहरादून: नयागांव क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में राजस्थान के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा पुलिस की घेराबंदी के बाद पकड़ा गया। पुलिस फरार अन्य साथियों की तलाश में सघन अभियान चला रही है।
पुलिस के अनुसार तड़के नयागांव चौकी बैरियर पर नियमित नाकेबंदी और सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान राजस्थान नंबर (आरजे) की एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन कार सवार बदमाशों ने बैरियर को टक्कर मारकर सेलाकुई की ओर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया।
भागते हुए बदमाश चांदनी चौक से भूरपुर की ओर पहुंचे और रामगढ़ के रपटे के पास कार छोड़कर नदी की तरफ भागने लगे। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की।
जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। घायल की पहचान रिंकू मीणा (30 वर्ष), निवासी दौसा (राजस्थान) के रूप में हुई है। वहीं उसके साथी विनोद कुमार मीणा (32 वर्ष), निवासी करौली (राजस्थान) को पुलिस ने पीछा कर गिरफ्तार कर लिया।
घायल रिंकू मीणा को प्रेमनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे दून अस्पताल रेफर किया गया। उसका इलाज जारी है।
मुठभेड़ की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके और अस्पताल पहुंचे तथा घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे, खोखे, जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद की है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घायल रिंकू मीणा के खिलाफ राजस्थान में हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि विनोद मीणा भी कई मामलों में वांछित बताया जा रहा है।
पुलिस फरार तीन अन्य बदमाशों की तलाश में दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।


