
देहरादूनः बागपत में दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (ग्रीनफील्ड हाईवे) पर प्रतिबंध के बावजूद बाइक दौड़ाने का मामला सामने आया है। इस हाईवे पर दोपहिया, थ्री-व्हीलर और ट्रैक्टर का आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित है, इसके बावजूद लोग नियमों की अनदेखी कर रहे हैं।
यातायात प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में तेज रफ्तार से दौड़ती बाइक दिखाई दी, जिस पर बिना हेलमेट तीन युवक सवार थे। वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने जांच की और बाइक स्वामी की पहचान दिल्ली के राजीव नगर, लिबासपुर निवासी गुलशमा के रूप में की।
पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत 22 हजार रुपये का चालान किया। अधिकारियों का कहना है कि एनएचएआई की स्पष्ट एडवाइजरी के बावजूद प्रतिबंधित वाहन ग्रीनफील्ड हाईवे पर पहुंच रहे हैं, जिसे लेकर लगातार सख्ती की जा रही है।
अब तक इस मार्ग पर नियमों का उल्लंघन करने वाले 300 से अधिक वाहनों के चालान किए जा चुके हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें, ताकि हादसों से बचा जा सके।



