
देहरादून: सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए शनिवार का दिन खास रहा। देहरादून में आयकर विभाग की ओर से हाथीबड़कला स्थित सर्वे ऑफ इंडिया में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टम्टा ने 130 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। वहीं, देशभर में 45 स्थानों पर रोजगार मेले का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से अभ्यर्थियों को संबोधित कर उन्हें बधाई दी।
शनिवार को केंद्र सरकार के 20वें रोजगार मेले के तहत सर्वे ऑफ इंडिया के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह पल उनके लिए बेहद कीमती है। माता-पिता को भी अपने बच्चों को नियुक्ति पत्र मिलने का लंबे समय से इंतजार था।
अजय टम्टा ने कहा कि जब देश तरक्की करता है और विकास होता है तो नौकरी के अवसर भी निकलते हैं। विकास होने पर सरकारी और निजी क्षेत्र में काफी लोगों को नौकरी और रोजगार मिलता है। जहां विकास नहीं होगा, वहां रोजगार भी नहीं निकलेगा। विकास हो रहा है तो रोजगार के अवसर भी निकल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देशभर में शनिवार को 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का अवसर भी मिल रहा है।
कार्यक्रम में विभिन्न केंद्रीय विभागों और संस्थानों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर में आयोजित रोजगार मेले से जुड़े और युवाओं को संबोधित किया।



