
रुड़की: सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट में मिले 17.29 करोड़ रुपये के जाली नोट के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने रुड़की में कार्रवाई की है। शनिवार को NIA की टीम ने गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के गणेशपुर में सेक्टर रोड से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस की टीम भी NIA के साथ मौजूद रही। हिरासत में लिए गए व्यक्ति को NIA की टीम अपने साथ ले गई।
बताया गया कि उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले की कोतवाली सदर बाजार में 29 अगस्त को जाली नोट प्रकरण में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। मामले में NIA ने जगाधरी करेंसी चेस्ट के प्रबंधक अमित कुमार को गिरफ्तार किया था। उनसे पूछताछ के बाद दो अन्य नाम भी सामने आए थे। मामले की जांच NIA की टीम कर रही है।
NIA की टीम दोनों अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में शनिवार को रुड़की के गणेशपुर में कार्रवाई की गई। कार्रवाई के बाद टीम हिरासत में लिए गए व्यक्ति को अपने साथ ले गई।
वहीं, स्थानीय पुलिस का कहना है कि अधिकारियों के आदेश मिले थे कि NIA की टीम के साथ मौके पर जाना है। इसके अलावा स्थानीय पुलिस ने मामले में किसी अन्य जानकारी होने से इनकार किया है। कार्रवाई की सूचना के बाद मौके पर हड़कंप की स्थिति रही।



