उत्तराखंडक्राइमहरिद्वार

ऑनर किलिंग: भाई ने बहन और उसके प्रेमी को गोली मारी, गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात

रुड़की: झबरेड़ी कलां गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर चल रहा विवाद शनिवार को खूनी वारदात में बदल गया। पड़ोसी युवक की गोली मारकर हत्या करने के बाद आरोपित ने अपनी बहन को भी गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवती की उपचार के दौरान मौत हो गई। एक ही घटना में युवक और युवती की मौत से गांव में तनाव की स्थिति है। पुलिस ने एहतियातन गांव में बल तैनात कर दिया है। वहीं, आरोपित की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।

पुलिस के अनुसार झबरेड़ी कलां निवासी अमन को अपनी बहन रूपा के पड़ोस में रहने वाले मुन्ना उर्फ सूरज से प्रेम प्रसंग को लेकर शक था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच करीब एक वर्ष से विवाद चला आ रहा था। पहले भी दोनों पक्षों में कहासुनी और विवाद हुआ था, लेकिन बाद में मामला शांत हो गया था।

शनिवार सुबह मुन्ना अपने घेर में लेटा हुआ था। इसी दौरान अमन तमंचा लेकर वहां पहुंचा और मुन्ना को गोली मार दी। गोली लगने से मुन्ना गंभीर रूप से घायल हो गया और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपित अपने घर पहुंचा और अपनी बहन रूपा को भी गोली मार दी।

गोली लगने से गंभीर रूप से घायल रूपा को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई।

एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद की बात सामने आई है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपित की तलाश में दबिश दी जा रही है।

पहले से चल रहा था विवाद

दोनों परिवारों के बीच प्रेम प्रसंग को लेकर करीब एक वर्ष से विवाद चला आ रहा था। पुलिस पुराने विवाद की जानकारी जुटाने के साथ ही यह भी जांच कर रही है कि शनिवार सुबह विवाद किस तरह बढ़ा और आरोपित ने वारदात को अंजाम क्यों दिया। घटना में प्रयुक्त तमंचे के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

दो मौतों के बाद गांव में तनाव

एक ही घटना में युवक और युवती की मौत के बाद झबरेड़ी कलां में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Namaskar Live

सोशल मीडिया के इस दौर में खबरों को लेकर भ्रांतियां पैदा हो रही है। ऐसे में आम पाठक को सही खबरें नहीं मिल पा रही है। उसे हकीकत और तथ्यपूर्ण खबरों से रूबरू कराने के लिए ही मैंने यह पोर्टल बनाया है। संपादक तनुजा जोशी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button