
टनकपुर: लाला चम्बा राम विवेकानन्द विद्या मन्दिर इंटर कॉलेज में वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को विशेष सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ लय, स्वर और तालबद्ध ढंग से वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से गूंज उठा।

सामूहिक गायन के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और समर्पण की भावना व्यक्त की। कार्यक्रम का वातावरण गरिमामय एवं भावपूर्ण रहा। इस अवसर पर विद्यार्थियों को वंदे मातरम् की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, राष्ट्रीय महत्व और भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में इसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।

मुख्य वक्ता विद्यालय के संरक्षक डॉ. देवी दत्त जोशी ने वंदे मातरम् की पृष्ठभूमि और उसके इतिहास पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को इसके महत्व से अवगत कराया। उन्होंने वंदे मातरम् से जुड़े ऐतिहासिक पक्षों की जानकारी दी। इसके पश्चात विद्यालय के अध्यक्ष अंबादत्त पंत ने भी वंदे मातरम् के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए।

वक्ताओं ने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की राष्ट्रीय चेतना, मातृभूमि के प्रति श्रद्धा और एकता की भावना का सशक्त प्रतीक है। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री कृष्ण वर्धन जोशी ने विद्यार्थियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव को बनाए रखने के लिए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक कुंदन मेहरा, प्रधानाचार्य श्री कृष्ण वर्धन जोशी सहित समस्त आचार्य-आचार्या वर्ग एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। सामूहिक गायन कार्यक्रम का समापन राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता के संकल्प के साथ हुआ।



