
देहरादून: राजधानी में देर रात युवक के अपहरण और लूट की सनसनीखेज वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आईटी पार्क के पास घर जाने के लिए खड़े युवक को दो स्कूटी सवार बदमाश जबरन अपने साथ उठा ले गए। आरोपितों ने रास्ते भर युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की, उसके दो मोबाइल फोन और नकदी लूट ली तथा बाद में उसे सुनसान इलाके में फेंककर फरार हो गए। घायल युवक का अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के सहारे आरोपितों की तलाश में जुटी है।
कोतवाली प्रेमनगर पुलिस के अनुसार शिवाजी मार्ग, कांवली रोड निवासी विनोद कुमार ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र आकाश बुधवार देर रात आईटी पार्क से सहस्त्रधारा क्रॉसिंग के पास घर जाने के लिए खड़ा था। इसी दौरान दो अज्ञात युवक स्कूटी पर पहुंचे और जबरन उसे अपने साथ बैठाकर ले गए।
स्वजनों के मुताबिक आरोपितों ने रास्ते में आकाश के साथ मारपीट की और उसके पास मौजूद दो मोबाइल फोन तथा करीब 600 रुपये नकद छीन लिए। इसके बाद उसे जामुनवाला पुल के पास प्रेमनगर क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को एंबुलेंस से दून अस्पताल भिजवाया गया। वर्तमान में उसका उपचार दून चिकित्सालय में चल रहा है। पुलिस के अनुसार युवक अभी मानसिक और शारीरिक रूप से पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाया है, जिस कारण वह घटना के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा है।
पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपितों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।



