उत्तराखंड में धामी कैबिनेट का आज विस्तार, पांच नए मंत्री लेंगे शपथ
उत्तराखंड की राजनीति में लंबे समय से चल रही कैबिनेट विस्तार की अटकलों पर आज विराम लगने जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अगुवाई वाली सरकार में शुक्रवार को पांच नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी, जिससे मंत्रिमंडल के सभी रिक्त पद भर जाएंगे।

देहरादूनः उत्तराखंड की राजनीति में लंबे समय से चल रही कैबिनेट विस्तार की अटकलों पर आज विराम लगने जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अगुवाई वाली सरकार में शुक्रवार को पांच नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी, जिससे मंत्रिमंडल के सभी रिक्त पद भर जाएंगे।
देहरादून में आज सुबह करीब 10 बजे लोकभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। धामी सरकार के मंत्रिमंडल में लंबे समय से पांच पद खाली थे, जिन्हें अब भरा जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, नए मंत्रियों के चयन में विधायकों के पिछले चार वर्षों के कार्य, क्षेत्रीय संतुलन और जातीय समीकरण को ध्यान में रखा गया है। इस विस्तार के जरिए सरकार विभिन्न क्षेत्रों और वर्गों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश कर रही है।
बताया जा रहा है कि हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़ और टिहरी जैसे जिलों से भी नए चेहरे शामिल हो सकते हैं, ताकि अब तक वंचित क्षेत्रों को कैबिनेट में जगह मिल सके।
कैबिनेट विस्तार को लेकर सरकार और संगठन के बीच लंबे समय से मंथन चल रहा था। आखिरकार नवरात्र के शुभ अवसर पर इसे अमल में लाने का निर्णय लिया गया है, जिसे राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है।
शपथ ग्रहण के बाद राज्य मंत्रिमंडल में कुल सदस्यों की संख्या 12 हो जाएगी। साथ ही माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनावों से पहले नए मंत्रियों को काम करने का पर्याप्त समय मिलेगा, जिससे सरकार अपनी रणनीति को मजबूत कर सकेगी।



