
रुड़की: जिस नशा मुक्ति केंद्र में जिंदगी को नई राह मिलनी थी, वहीं एक मरीज की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। भंगेड़ी स्थित नशा मुक्ति केंद्र के शौचालय में भर्ती मरीज का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक के गले पर धारदार हथियार के निशान मिले हैं। स्वजन ने केंद्र में भर्ती एक अन्य मरीज पर हत्या का शक जताया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
लक्सर क्षेत्र के बसेड़ी गांव निवासी आशीष (37) को उसके स्वजन ने करीब तीन माह पहले सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के भंगेड़ी स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। मंगलवार देर रात केंद्र के शौचालय में उसका शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। केंद्र संचालक ने शव देख तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। जांच के दौरान मृतक के गले पर धारदार हथियार के निशान मिले, जिससे हत्या की आशंका गहरा गई। घटना की जानकारी मिलने पर स्वजन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती एक मरीज पर हत्या करने का शक जताया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी देहात शेखर चन्द्र सुयाल ने बताया कि स्वजन की ओर से हत्या की आशंका जताई गई है। मामले की जांच की जा रही है। नशा मुक्ति केंद्र के संचालक समेत वहां भर्ती अन्य मरीजों से भी पूछताछ की जा रही



