Vedio: केदारनाथ और तुंगनाथ ने ओढ़ी बर्फ की चादर, तापमान में आई गिरावट, हवाई सेवा ठप
देहरादून: उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदल ली है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बादलों का डेरा रहा। केदारनाथ, तुंगनाथ और यमुनोत्री समेत तमाम ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ। लगातार हो रही बर्फबारी के कारण शनिवार को हेलीकाप्टर उड़ान नहीं भर पाए।
वहीं, देहरादून समेत ज्यादातर निचले क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। जिससे पारे में गिरावट दर्ज की गई और ठिठुरन बढ़ गई। सर्द हवाएं चलने से पर्वतीय क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड महसूस की गई। मौसम विभाग के अनुसार आज भी पहाड़ों में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। कहीं-कहीं हल्की वर्षा-बर्फबारी हो सकती है।
शनिवार को केदारनाथ में लगातार चौथे दिन हिमपात जारी रहा। तुंगनाथ में भी शनिवार को जोरदार वर्षा हुई। इसके साथ यमुनोत्री में भी हल्का हिमपात दर्ज किया गया। गंगोत्री समेत उत्तरकाशी के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई। कुमाऊं में पिथौरागढ़ और बागेश्वर में चोटियों पर बर्फबारी का क्रम बना रहा। वहीं निचले इलाकों में भी वर्षा के कारण मौसम सर्द हो गया।
दीपावली पर शुष्क रहेगा मौसम
देहरादून: मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। शनिवार को उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग में कहीं- कहीं आंशिक बादलों के बीच हल्की वर्षा व हिमपात के आसार हैं। अन्य जिलों में आमतौर पर मौसम शुष्क रह सकता है। इसके बाद रविवार को दीपावली के दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। ज्यादातर इलाकों में चटख धूप खिली रह सकती है। हालांकि, न्यूनतम पारे में गिरावट के कारण सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ सकती है।