महंगाई का चाबुक -10 दिन में चौथी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, महंगाई से जनता बेहाल
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और मध्य पूर्व में जारी तनाव का असर अब सीधे आम लोगों की जेब पर पड़ने लगा है। तेल कंपनियों ने देर रात पेट्रोल पर 2.61 रुपये और डीजल पर 2.71 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी। बीते 10 दिनों में पेट्रोल के दाम कुल 7.40 रुपये तक बढ़ चुके हैं, जिससे देशभर में महंगाई को लेकर चिंता और बढ़ गई है।

देहरादूनः देश में एक बार फिर पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की चिंता बढ़ा दी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल और मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच तेल कंपनियों ने देर रात पेट्रोल और डीजल के दामों में बड़ी बढ़ोतरी कर दी। पेट्रोल पर 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 2.71 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई है।
लगातार बढ़ती कीमतों का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले 10 दिनों में पेट्रोल के दाम चार बार बढ़ चुके हैं। इस दौरान पेट्रोल कुल 7.40 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है। नई दरें लागू होने के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल करीब 99.51 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है, जबकि मुंबई में पेट्रोल 108.45 रुपये प्रति लीटर के पार चला गया है।
डीजल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी का असर अब परिवहन और जरूरी वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ने की आशंका है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में राहत नहीं मिली तो आने वाले दिनों में ईंधन और महंगा हो सकता है।
लगातार बढ़ती कीमतों से आम जनता में नाराजगी देखी जा रही है। रोजमर्रा के खर्च पहले से बढ़े हुए हैं और अब पेट्रोल-डीजल की नई कीमतों ने लोगों के घरेलू बजट को और बिगाड़ दिया है।



